रायगढ़

पटवारियों की हड़ताल के बीच 98 फीसदी धान रकबा सत्यापन पूरा
30-Oct-2026 7:06 PM
पटवारियों की हड़ताल के बीच 98 फीसदी धान रकबा सत्यापन पूरा

रायगढ़, 30 अक्टूबर। पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बावजूद रायगढ़ जिला प्रशासन ने धान के रकबे के भौतिक सत्यापन का 98 प्रतिशत काम पूरा कर लिया है। जिले के कुल 1 लाख 52 हजार 49 धान खसरों में से 1 लाख 48 हजार 773 का पॉलीगॉन जनरेशन किया जा चुका है। शेष खसरों का सत्यापन भी जारी है।

पटवारियों की अनुपस्थिति में धान खरीदी की प्रक्रिया प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों और राजस्व निरीक्षकों की निगरानी में सर्वेयरों ने किसानों एवं कोटवारों की मदद से खेतों की पहचान कर भौतिक सत्यापन किया। राजस्व नक्शों का गूगल मैप से मिलान कर खेतों की सीमाएं भी सुनिश्चित की गईं। यह कार्य डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) के दूसरे चरण के तहत किया जा रहा है।

अभियान में 27 राजस्व निरीक्षक, करीब 1,385 सर्वेयर और 900 से अधिक कोटवार जुटे हैं। अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा और संयुक्त कलेक्टर हेमेन्द्र भूआर्य सहित वरिष्ठ अधिकारी इसकी नियमित निगरानी कर रहे हैं।

जिले की घरघोड़ा, धरमजयगढ़, पुसौर, मुकडेगा और रायगढ़ तहसीलों में शत-प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वहीं खरसिया में 99.40, लैलूंगा में 98.76, तमनार में 98.67, छाल में 90.02 और कापू में 84.97 प्रतिशत पॉलीगॉन जनरेशन पूरा हुआ है। अब तक 938 में से 902 गांवों में सत्यापन कार्य किया जा चुका है।


अन्य पोस्ट