रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 29 अक्टूबर। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक बैटरी लेकर घर लौट रहा था, तभी टेरम के पास हादसा हुआ। घटना में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम नवागांव निवासी नेहरू दास ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि उनके बेटे निरधिन दास का टेरम के पास अज्ञात वाहन से एक्सीडेंट हो गया है। हादसे के बाद युवक को घरघोड़ा अस्पताल ले जाया गया था। सूचना मिलने पर जब नेहरू दास मौके पर पहुंचे, तब उनके बेटे की मौत हो चुकी थी। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।
परिजनों के अनुसार, निरधिन दास 26 अक्टूबर को बैटरी लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन वह सुबह तक वापस नहीं लौटा। आशंका जताई जा रही है कि घर लौटते समय अज्ञात वाहन के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलने और परिजनों की रिपोर्ट के बाद घरघोड़ा पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन तथा चालक का पता लगाने में जुटी है।