रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 28 अक्टूबर। छातामुड़ा-बांजीपाली सीमा पर स्थित विवादित जमीन को लेकर राजस्व विवाद गहरा गया है। फत्तेचंद पटेल और कैलाश आचार्य ने आरोप लगाया है कि तहसील न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद जमीन पर बाउंड्रीवॉल का निर्माण शुरू कर दिया गया। उन्होंने जिला प्रशासन से दोनों गांवों की सीमाओं का मिलान कर संयुक्त रूप से दोबारा सीमांकन कराने की मांग की है।
फत्तेचंद पटेल के अनुसार, नितेश अग्रवाल ने जमीन पर कब्जा नहीं मिलने को लेकर तहसीलदार न्यायालय में परिवाद दायर किया था। पटेल का दावा है कि विवादित भूमि उनकी पैतृक संपत्ति है। उन्होंने न्यायालय में प्रकरण लंबित रहने के दौरान निर्माण शुरू किए जाने पर आपत्ति जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पटेल और आचार्य ने पूर्व में कराए गए सीमांकन पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बारिश, कीचड़, झाडिय़ों और पानी भरे गड्ढों के कारण सही नपाई प्रभावित हुई होगी। उन्होंने दोनों पक्षों की मौजूदगी में अनुकूल मौसम के दौरान दोबारा सीमांकन कराने का अनुरोध किया है। कैलाश आचार्य ने खसरा नंबर 155/2 का हवाला देते हुए कहा कि सीमांकन में जमीन का कुछ हिस्सा छातामुड़ा और कुछ बांजीपाली में दर्शाया गया है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप स्थित खसरा नंबर 156 की शासकीय भूमि को भी बाउंड्रीवॉल के दायरे में शामिल किए जाने की आशंका जताई है।
शिकायत के बाद तहसीलदार के हस्तक्षेप से निर्माण कार्य रुकवाए जाने की जानकारी देते हुए पीडि़त पक्ष ने लिखित आदेश जारी करने की मांग की है, ताकि अंतिम निर्णय तक विवादित जमीन की स्थिति न बदले।
उन्होंने दोनों गांवों के राजस्व अधिकारियों, राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों की संयुक्त टीम से पारदर्शी सीमांकन कराने की मांग की है। मामले में संबंधित अधिकारियों और नितेश अग्रवाल का पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका है। आरोपों की पुष्टि और जमीन की वास्तविक स्थिति सक्षम प्राधिकारी की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।