रायगढ़

वेदांता रेलवे साइडिंग पर खनिज विभाग की कार्रवाई
28-Oct-2026 10:04 PM
वेदांता रेलवे साइडिंग पर खनिज विभाग की कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 28 अगस्त। खरसिया क्षेत्र अंतर्गत कुनकुनी स्थित वेदांता रेलवे साइडिंग में रेत और गिट्टी के भंडारण को लेकर खनिज विभाग ने कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने मौके पर जांच के दौरान रेत का डंप पाया और साइडिंग प्रबंधन को तीन दिन का नोटिस जारी कर खनिज सामग्री से संबंधित वैध रॉयल्टी और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समयसीमा में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नियमानुसार पेनल्टी और आगे की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

ग्राम जबलपुर से ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत लाकर कुनकुनी स्थित रेलवे साइडिंग परिसर में डंप किए जाने की शिकायत सामने आई थी। इस मामले को मीडिया में उठाए जाने के बाद खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच और छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान परिसर में रेत के साथ बड़ी मात्रा में गिट्टी भी मौजूद होने की जानकारी सामने आई।

विभाग ने साइडिंग प्रबंधन को नोटिस जारी कर डंप की गई रेत और गिट्टी की वैधता से संबंधित दस्तावेज मांगे हैं। इनमें रॉयल्टी और अन्य आवश्यक कागजात शामिल हैं।

तीन दिन का नोटिस जारी होने के बाद अब संबंधित प्रबंधन के जवाब पर नजर है। यदि निर्धारित समय में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो खनिज विभाग नियमानुसार जुर्माना या अन्य वैधानिक कार्रवाई कर सकता है। फिलहाल, कुनकुनी स्थित वेदांता रेलवे साइडिंग में खनिज सामग्री के भंडारण का मामला जांच के दायरे में है। 


अन्य पोस्ट