रायगढ़
रायगढ़, 27 अक्टूबर। धरमजयगढ़ क्षेत्र में जंगल के भीतर जुआ खेल रहे 6 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। नगर पुलिस अधीक्षक रायगढ़ राहुल उईके के नेतृत्व में थाना साइबर, पुलिस लाइन रायगढ़ और थाना धरमजयगढ़ की संयुक्त टीम ने दर्रीडीह-खलबोरा के बीच जंगल में दबिश देकर आरोपियों को 52 पत्ती ताश से जुआ खेलते पकड़ा। मौके से 22,180 नकद, फड़ से 7 मोबाइल फोन और 4 मोटरसाइकिल सहित कुल 3,22,180 की संपत्ति जब्त की गई है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
साथ ही सभी आरोपियों के विरुद्ध पृथक से धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।
दर्रीडीह-खलबोरा के बीच जंगल में जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में थाना साइबर, पुलिस लाइन रायगढ़ और थाना धरमजयगढ़ की टीम मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम ने गवाहों की उपस्थिति में सूचना की तस्दीक कर घेराबंदी की, जहां अमित केरकेट्टा (30), स्वरूप टोप्पो (22), जोगेंद्र एक्का (40), वृंदावन गुप्ता (35), सुरेश सारथी (36), तथा नारायण बाईन (50), सभी थाना धरमजयगढ़ क्षेत्र के निवासी, 52 पत्ती ताश से जुआ खेलते पाए गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से 22,180 नकद, 7 मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 13 बीसी 4286, सीजी 13 एएम 3427, सीजी 13 एआर 5149 तथा एक बिना नंबर की डिस्कवर मोटरसाइकिल जब्त की। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 3,22,180 आंकी गई है। मामले में थाना धरमजयगढ़ में धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।