रायगढ़
रायगढ़, 23 अक्टूबर। रायगढ़ नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर गुरुवार रात अचानक संदिग्ध गतिविधि सामने आने से हडक़ंप मच गया। वेबसाइट खोलने पर पाकिस्तानी झंडे जैसा सिंबल दिखाई देने लगा, वेबसाइट के प्रोग्राम भी नहीं खुल रहे थे। मामला सामने आने के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही घंटों के भीतर वेबसाइट को रिस्टोर कर दोबारा चालू कर दिया गया।
गुरुवार रात नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर यह असामान्य बदलाव दिखाई दिया। वेबसाइट पर सामान्य रूप से उपलब्ध प्रोग्राम नहीं खुल रहे थे और स्क्रीन पर हैकिंग से जुड़ा संदेश प्रदर्शित हो रहा था। पाकिस्तानी झंडे जैसा सिंबल दिखाई देने के बाद मामला और गंभीर नजर आने लगा। अधिकारियों को इसकी जानकारी मिलने पर वेबसाइट के होस्ट के माध्यम से जांच की गई और पुलिस को भी सूचना दी गई।
रिस्टोर होते ही फिर काम करने लगी वेबसाइट
वेबसाइट को सामान्य स्थिति में लाने के लिए उसे रिस्टोर किया गया। इसके बाद कुछ ही घंटों में वेबसाइट दोबारा काम करने लगी। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल उठने लगे हैं।
नगर निगम के प्रोग्रामर के मुताबिक, वेबसाइट हैक होने जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने वायरस या किसी तरह की छेड़छाड़ की आशंका जताई है। ऐसे में वेबसाइट पर संदिग्ध संदेश कैसे दिखाई दिया और इसके पीछे क्या वजह थी, इसकी स्थिति तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।