रायगढ़

केलो डेम लूटपाट का फरार आरोपी बंदी
22-Oct-2026 6:58 PM
 केलो डेम लूटपाट का फरार आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 22 अक्टूबर। केलो डेम के पास युवक और उसकी महिला मित्र से मारपीट कर लूटपाट करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपी रामकुमार मेहता (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया आईफोन 12 और वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, जोगीडीपा निवासी सानू सारथी (22) ने 12 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 अक्टूबर की शाम वह अपनी महिला मित्र के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से केलो डेम घूमने गया था। लौटते समय शाम करीब 7.30 बजे तीन-चार युवकों ने महिला मित्र के साथ घूमने को लेकर सवाल करते हुए उससे मारपीट की और जेब से 1,500 रुपये व आईफोन 12 मिनी लूट लिया। आरोपियों ने उसकी महिला मित्र का मोटोरोला मोबाइल भी लूट लिया और बुलेट की चाबी फेंककर फरार हो गए।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान सोहेल अंसारी (23), निवासी इंदिरा नगर, रायगढ़ और रणवीर कुमार (22), निवासी उर्दना डीपापारा, रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, तीसरा आरोपी रामकुमार मेहता गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था और उसने मोबाइल का सिम कार्ड भी निकाल दिया था। उसके कुरमापाली क्षेत्र में होने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से बिहार के सुपौल जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के उधमपुर का निवासी है।

पूछताछ में रामकुमार ने अपने साथियों और एक अन्य आरोपी के साथ वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से आईफोन 12 और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। महिला मित्र से लूटा गया मोटोरोला मोबाइल अब भी फरार आरोपी के पास होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।


अन्य पोस्ट