रायगढ़

झपटमारी और लूट का खुलासा, दो बंदी, एक फरार
21-Oct-2026 7:17 PM
झपटमारी और लूट का खुलासा, दो बंदी, एक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 21 अक्टूबर
। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में झपटमारी और लूट की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल उनका तीसरा साथी समीर महंत उर्फ पप्पू निवासी फोकटपारा, घरघोड़ा फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और लूटा गया आईफोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम टेरम निवासी सूरज राठिया (24) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर बंगाली ढाबा के सामने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोककर जेब से आईफोन छीन लिया और रायगढ़ रोड की ओर फरार हो गए। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। दूसरी घटना 16 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे घरघोड़ा बाईपास स्थित हनुमान ईंट भ_े के सामने हुई। बिहार निवासी ट्रेलर चालक रंजीत कुमार सिंह (33) के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने ट्रेलर रोककर उसे नीचे उतारा और चाकू दिखाकर मारपीट की। आरोपियों ने उसका रेडमी मोबाइल, मोबाइल कवर में रखे 3 हजार रुपये और ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिया।
मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने समीर महंत उर्फ पप्पू के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों ने लूटे गए मोबाइल से सिम कार्ड निकालकर फेंक दिया था और उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।
कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पहचान परेड में पीडि़तों ने आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने सुरेन्द्र चौहान से वारदात में प्रयुक्त काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और सुमेष प्रधान से सफेद रंग का आईफोन जब्त किया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।


अन्य पोस्ट