रायगढ़
रायगढ़, 18 अक्टूबर। खरसिया पुलिस ने नाबालिग बालिका से रेप के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जीवन लाल यादव (20) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
16 अक्टूबर को पीडि़ता की मां ने चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी से मुलाकात कर घटना की जानकारी दी। चौकी प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रिया साहू को पीडि़ता के परिजनों के आवेदन पर रिपोर्ट दर्ज करने तथा पीडि़ता का कथन लेने के निर्देश दिए।
पीडि़ता के अनुसार, आरोपी उसके भाई का मित्र है, जिसके कारण उसका घर आना-जाना था। आरोप है कि 14 जनवरी को जब पीडि़ता घर में अकेली थी, तब आरोपी उसके घर पहुंचा और उसे पसंद करने की बात कहकर बहला-फुसलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी आरोपी द्वारा कई बार उसका शारीरिक शोषण किए जाने का आरोप है। कुछ समय बाद पीडि़ता की मां को मासिक धर्म नहीं होने पर संदेह हुआ। पूछताछ करने पर पीडि़ता ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले में चौकी खरसिया, थाना खरसिया में धारा 65(1), 332(इ) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 4 एवं 6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रकरण में आवश्यक चिकित्सकीय एवं अन्य वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।