रायगढ़

मामूली विवाद पर पत्नी की हत्या, पति बंदी
17-Oct-2026 9:01 PM
मामूली विवाद पर पत्नी की हत्या, पति बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 17 अक्टूबर। पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम सूपा में घरेलू विवाद के दौरान फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने अमृत लाल महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी को स्वास्थ्य में सुधार के बाद हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त फावड़ा और आरोपी के कपड़े सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात करीब 8.30 बजे आरोपी का बेटा सूरज दास महंत ड्यूटी से घर लौटा तो उसकी मां रूप कुंवर महंत (41) घर की परछी में अचेत अवस्था में पड़ी थीं। उनके कान से खून निकल रहा था और शरीर पर चोट के निशान थे। घर में भी खून के छींटे मिले। परिजनों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अगले दिन घटना की सूचना पुलिस को दी गई।मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

प्रारंभिक रिपोर्ट में गंभीर रक्तस्राव के कारण मृत्यु होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एफएसएल और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां फावड़े, लकड़ी के डंडे और घर के विभिन्न हिस्सों में खून के निशान मिले। घटना के समय घर में पति-पत्नी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी के संकेत नहीं मिलने पर पुलिस का संदेह पति पर गहराया।

इसी दौरान आरोपी का रक्तचाप बढऩे के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

 स्वास्थ्य में सुधार के बाद पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि घटना की रात पत्नी के खाना बनाने से इनकार करने और रिश्तेदार के घर जाने की जिद को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान उसने फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


अन्य पोस्ट