रायगढ़

सडक़ किनारे सांकेतिक बोर्ड पर फंदे से लटका मिला युवक का शव
14-Oct-2026 8:35 PM
सडक़ किनारे सांकेतिक बोर्ड पर फंदे से लटका मिला युवक का शव

ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 14 अक्टूबर। बुधवार की सुबह सडक़ किनारे लगे सांकेतिक बोर्ड में एक अज्ञात व्यक्ति की फांसी पर लटकती लाश मिली है। गांव के ग्रामीणों ने हत्या कर शव यहां लटकाने की आशंका जताई है। पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।

रायगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर बंगुरसिया गांव में बुधवार सुबह ग्रामीणों की नजर सडक़ किनारे लगे सांकेतिक बोर्ड पर फंदे से लटक रहे एक व्यक्ति उम्र करीब 40 से 45 साल के शव पर पड़ी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना गांव के कोटवार के माध्यम से पुलिस को दी गई, जिसके बाद चक्रधर नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

हत्या कर शव लटकाने की आशंका

सडक़ किनारे सांकेतिक बोर्ड पर इस तरह शव मिलने से मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किसी ने व्यक्ति की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव को यहां लटकाकर घटना को फांसी का रूप देने की कोशिश की होगी। हालांकि, यह ग्रामीणों की आशंका है। पुलिस जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

बताया जा रहा है कि जिस जगह अज्ञात युवक की सांकेतिक बोर्ड में लटका हुआ शव मिला है उसके आसपास दो जगह सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है, ऐसे में अगर सीसीटीवी कैमरे खंगाले जाते हैं तो पुलिस को अहम सुराग मिल सकता है। 

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है। मृतक की पहचान करने के लिए आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच से ही स्पष्ट होगा कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।


अन्य पोस्ट