रायगढ़

मई तक शहर को मिलेगी केनाल रिंग रोड
14-Oct-2026 8:34 PM
मई तक शहर को मिलेगी केनाल रिंग रोड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 14 अक्टूबर। शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने मंगलवार को कैनाल लिंक रोड, केलो नदी पर निर्माणाधीन बैराज और प्रगतिनगर में सडक़ निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने केनाल लिंक रोड का काम मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा। इस सडक़ के बनने से केवड़ाबाड़ी चौक से मरीन ड्राइव तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे शहरवासियों को आवागमन में सुविधा होगी। चांदनी चौक ब्रिज के नीचे बॉक्स कल्वर्ट निर्माण के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए उन्होंने वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

नालंदा परिसर के सामने केलो नदी पर निर्माणाधीन बैराज और तीन स्टॉप डेम का भी निरीक्षण किया गया। जल संसाधन विभाग के इन कार्यों को जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इनसे नदी में जलभराव बनाए रखने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

प्रगतिनगर में सडक़ निर्माण की प्रगति का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने जून 2027 से पहले काम पूरा कर यातायात शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता और नागरिक सुविधाओं का ध्यान रखने को कहा।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, जल संसाधन विभाग के ई. नायक, सहायक अभियंता ऋषि कुमार राठौर सहित विभागीय अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट