रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 7 अक्टूबर। शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर ग्रामीण महिलाओं से 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की ठगी के मामले में रायगढ़ साइबर पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मेनका सारथी (37), निवासी बरतुंगा, थाना डभरा, जिला सक्ती है। उसके पति अक्षय सारथी और मां मीरा सोनवानी की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी शेष है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम जतरी निवासी मेनका अपने मायके आने पर महिलाओं को शेयर मार्केट में निवेश से मोटा मुनाफा होने का भरोसा दिलाती थी। उसने यह गारंटी भी दी कि रकम दोगुनी नहीं होने पर वह और उसका पति पैसा वापस करेंगे। इसके बाद कई महिलाओं ने उसे नकद और ऑनलाइन माध्यम से रकम दी।
6 अप्रैल से 24 अक्टूबर 2025 के बीच हारा बाई निषाद से 17.53 लाख, अनिता निषाद से 17.24 लाख, पुष्पा सिदार से 9 लाख, विष्णु प्रिया निषाद से 7.50 लाख समेत अन्य महिलाओं से कुल 70.77 लाख रुपये लिए गए। शुरुआत में कुछ निवेशकों को मुनाफा देकर विश्वास कायम किया गया, लेकिन बाद में न लाभ मिला और न मूलधन लौटाया गया। जांच में राशि शेयर मार्केट में निवेश करने के बजाय निजी उपयोग में लेने की बात सामने आई। कुछ पीडि़ताओं ने कर्ज लेकर भी रकम दी थी।
मामले में साइबर थाना पुलिस ने 22 जुलाई को मेनका, अक्षय और मीरा के खिलाफ धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। पूछताछ में मेनका ने एक पुरुष मित्र के साथ ठगी की योजना बनाने और पति व मां को इसमें शामिल करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से लेनदेन में इस्तेमाल मोबाइल फोन, तीन बैंक खाते और एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।