रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 5 अक्टूबर। तमनार पुलिस ने गुम 14 वर्षीय बालिका को 24 घंटे के भीतर ओडिशा से सकुशल बरामद कर लिया। उसे शादी का प्रलोभन देकर ले जाने वाले आरोपी नशरूल आलम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
30 सितंबर को बालिका की मां ने तमनार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और सहेलियों से मिली जानकारी के आधार पर जांच शुरू की। पता चला कि बालिका की गांव में नल-जल योजना में काम करने वाले नशरूल आलम से बातचीत थी।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की जानकारी जुटाई। फोन पर बातचीत के दौरान ट्रेन की आवाज सुनाई देने पर उसके ओडिशा जाने का संदेह हुआ। थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में टीम ने तलाश शुरू की और टाटानगर के पास दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी द्वारा शादी का प्रलोभन देकर नाबालिग को भगाकर ले जाने और उसका शारीरिक शोषण करने की बात सामने आई। बालिका का बयान एवं चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में धारा 87, 65(1) बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 जोड़ी गई है। आरोपी नशरूल आलम, निवासी किशनगंज (बिहार), को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।