रायगढ़

महीने की पहली तारीख को बदमाशों ने थाने में दी हाजिरी
05-Oct-2026 7:53 PM
महीने की पहली तारीख को बदमाशों ने थाने में दी हाजिरी

नवरात्रि से पहले पुलिस की सख्त चेतावनी, छेड़छाड़ और विवाद पर सीधे जेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 5 अक्टूबर। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस निगरानी, गुंडा एवं माफी बदमाशों तथा पूर्व में विवादों में संलिप्त लोगों पर लगातार नजर रख रही है। इसी क्रम में 1 अक्टूबर को थाना कोतवाली, चक्रधरनगर और जूटमिल क्षेत्र के संबंधित लोगों ने थानों में पहुंचकर हाजिरी दर्ज कराई।

 पुलिस ने पिछले माह इन्हें प्रत्येक महीने की पहली तारीख को थाने में उपस्थित होकर अपनी गतिविधियों और रोजगार की जानकारी देने के निर्देश दिए थे। साथ ही आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई थी।

नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके ने नवरात्रि को लेकर विशेष चेतावनी देते हुए कहा कि गरबा-डांडिया सहित धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चियां शामिल होंगी। ऐसे में छेड़छाड़, छींटाकशी, अभद्र व्यवहार, मारपीट या विवाद करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार केवल समझाइश नहीं दी जाएगी, बल्कि अपराध में संलिप्त पाए जाने पर सीधे जेल भेजा जाएगा।

पुलिस ने संबंधित लोगों को शांतिपूर्ण जीवन-यापन करने और हर माह की पहली तारीख को अनिवार्य रूप से थाने में हाजिरी देने के निर्देश दिए हैं।


अन्य पोस्ट