रायगढ़

चाइल्ड पोर्नोग्राफी, फरार आरोपी बिहार से बंदी
30-Sep-2026 6:54 PM
चाइल्ड पोर्नोग्राफी, फरार आरोपी बिहार से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 30 सितंबर। पुसौर पुलिस को चाइल्ड पोर्नोग्राफी से संबंधित मामले में फरार आरोपी को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। पुसौर पुलिस ने आरोपी मोहम्मद जुबैर आलम (38), निवासी ग्राम सुमेरा, थाना कुढऩी, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) को हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, इंटरनेट एवं सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री को देखने, अपलोड करने अथवा साझा करने के मामलों में साइबर निगरानी के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर संबंधित पुलिस इकाइयों द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जाती है। जांच के दौरान पाया गया कि 25 मार्च को पुसौर थाना क्षेत्र के लारा एनटीपीसी क्षेत्र से सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो देखा एवं अपलोड किया गया था। जांच में उक्त वीडियो चाइल्ड पोर्नोग्राफी की श्रेणी का पाए जाने पर थाना पुसौर में 25 अगस्त को धारा 294 भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 67(बी) आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान संबंधित मोबाइल नंबर की तकनीकी जानकारी एवं मोबाइल डिटेल का परीक्षण करने पर उसके मुजफ्फरपुर, बिहार में संचालित होने की जानकारी प्राप्त हुई। इसके बाद थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल बिहार रवाना हुई और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी मोहम्मद जुबैर आलम को ग्राम सुमेरा, थाना कुढऩी, जिला मुजफ्फरपुर से हिरासत में लिया गया। पुलिस आरोपी को रायगढ़ लेकर पहुंची, जहां पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले वर्ष पुसौर थाना क्षेत्र के लारा में ठेकेदार के अधीन पोकलेन मशीन चलाने का काम करता था और इसी दौरान उक्त घटना घटित हुई थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट