रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 29 सितंबर। लैलूंगा पुलिस ने पिकअप वाहन से की जा रही गौवंश की तस्करी को विफल कर 13 गौवंशों को मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन समेत कुल 11 लाख 04 हजार की संपत्ति जब्त करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 28 सितंबर को थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग के पिकअप वाहन में ऊपर से काला पन्नी ढककर मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर एवं क्ररतापूर्वक भरकर झारखंड ओडिशा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए लैलूंगा पुलिस ने गवाहों के साथ ग्राम कुंजारा मेन रोड पर घेराबंदी की। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें कुल 13 गौवंश 04 गाय, 08 बछिया एवं 01 बछुवा बंधे हुए और क्रूरतापूर्वक भरे मिले। वाहन चालक इमरान खान (29), निवासी केराडिह, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर से मवेशियों के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में आरोपी द्वारा मवेशियों को झारखंड ओडिशा की ओर बूचडख़ाने ले जाना बताया गया। पुलिस ने पशु क्रूरता पाए जाने पर गवाहों की मौजूदगी में वाहन से सभी 13 गौवंशों को मुक्त कराया।
आरोपी के विरुद्ध धारा 4, 6, 10, 11 छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।