रायगढ़
रायगढ़, 14 सितंबर। बेरीवाल परिवार द्वारा पितृमोक्षार्थ एवं श्री गयाजी श्राद्ध निमित्त आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ रविवार को भक्तिमय वातावरण में हुआ। सुबह गौरी शंकर मंदिर से अग्रोहा भवन तक श्रीभागवत भगवान की अगवानी के साथ कलश यात्रा निकाली गई। पूजा-अर्चना के बाद दोपहर 3 बजे कथा वाचक पं. ओमप्रकाश शर्मा ने कथा का शुभारंभ किया।
प्रथम दिवस श्रीमद्भागवत माहात्म्य, मंगलाचरण, सूत-शौनक संवाद और भगवान के 24 अवतारों का वर्णन किया गया। पं. शर्मा ने कहा कि मनुष्य को राधा भक्ति में मन लगाकर पापरहित एवं सदाचारी जीवन जीना चाहिए। ईमानदारी और परिश्रम से अर्जित धन का उपयोग जरूरतमंदों की सहायता, जनसेवा और धार्मिक कार्यों में करना चाहिए। भक्ति, सदाचार और सेवा से ही जीवन सार्थक बनता है। कथा में बेरीवाल परिवार के शंभूदयाल, प्रमोद, विनोद, संजय पल्लू, अजय, विजय, दिग्विजय, अनीश, विकास, आकाश सहित परिवार के सदस्य मौजूद रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की।