रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 10 सितंबर। पुलिस चौकी जोबी क्षेत्र के ग्राम कोठीकुंडा में हुए तिहारू साहू हत्याकांड में अपर सत्र न्यायाधीश खरसिया श्वेता श्रीवास्तव की अदालत ने चार आरोपियों को हत्या का दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दोषियों में विकास साहू, भुनेश्वर साहू, जानकी साहू और जया साहू शामिल हैं। प्रत्येक पर 2-2 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2025 को पारिवारिक विवाद के दौरान तिहारू साहू के साथ उसकी पहली पत्नी जानकी साहू, बेटे विकास साहू, साली जया साहू और साले भुनेश्वर साहू ने मारपीट की थी। आरोप है कि विकास साहू ने धारदार टांगी से तिहारू पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान 12 जुलाई को उसकी मौत हो गई।
घटना की रिपोर्ट तिहारू की दूसरी पत्नी सुकमति साहू ने 9 जुलाई को चौकी जोबी में दर्ज कराई थी। पुलिस ने पहले मारपीट सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
तिहारू की मृत्यु के बाद मामले में बीएनएस की धारा 103(1) जोडक़र इसे हत्या के रूप में विवेचित किया गया।
सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण राठौर ने मामले की विवेचना करते हुए गवाहों के बयान और भौतिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने 8 सितंबर 2025 को न्यायालय में चालान पेश किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से अपर लोक अभियोजक तन्मय बनर्जी ने पैरवी की। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने चारों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।