रायगढ़
रायगढ़, 9 सितंबर। जिले को हरा-भरा और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से उद्यानिकी विभाग रायगढ़ द्वारा ‘हरित रायगढ़’ पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
अभियान के तहत 10 सितंबर, गुरुवार को सुबह 10 बजे से जिले की सभी सात शासकीय नर्सरियों में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का नि:शुल्क विभागीय स्तर पर वितरण किया जाएगा। उद्यानिकी विभाग ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पौधे प्राप्त कर उनका रोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।
‘हरित रायगढ़’ अभियान के अंतर्गत नागरिकों को उपयोगी और फलदार प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें आम, अमरूद, नींबू, मुनगा और आंवला सहित अन्य प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। विभाग का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक नागरिकों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करना और जिले में हरित क्षेत्र का विस्तार करना है।
विभाग की ओर से पौध वितरण के साथ पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण के प्रति भी नागरिकों को जागरूक किया जाएगा। पौध लगाने के बाद उसकी उचित देखभाल, सिंचाई और संरक्षण से पौधे के विकसित होने की संभावना बढ़ती है। इसी उद्देश्य से नागरिकों को पौधरोपण के साथ उसके संरक्षण को भी अभियान का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पौध वितरण कार्यक्रम जिले की सात शासकीय नर्सरियों में एक साथ आयोजित किया जाएगा। नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार अपने नजदीकी शासकीय नर्सरी में पहुंचकर पौधे प्राप्त कर सकते हैं। पौध वितरण के लिए निर्धारित नर्सरियों में शासकीय उद्यान रोपणी बोईरदादर रायगढ़, शासकीय उद्यान रोपणी बाघड़ोला पुसौर, शासकीय उद्यान रोपणी अंजोरीपाली खरसिया, शासकीय उद्यान रोपणी बसनपाली तमनार, शासकीय उद्यान रोपणी कुंजारा लैलूंगा, शासकीय उद्यान रोपणी धरमजयगढ़ तथा शासकीय उद्यान घरघोड़ा शामिल हैं।
उद्यानिकी विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान से जुडक़र अपने घर, खेत, बाड़ी, विद्यालय, संस्थान और आसपास के उपयुक्त स्थानों पर पौधरोपण करें। विभाग के अनुसार जिले में हरियाली बढ़ाने के लिए सामूहिक सहभागिता आवश्यक है। अधिक संख्या में पौधरोपण होने से जिले के हरित क्षेत्र के विस्तार में योगदान मिलेगा।
‘हर नागरिक लगाए एक पौधा’ के संदेश के साथ आयोजित इस अभियान के माध्यम से नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। विभाग ने कहा है कि पौधरोपण आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर वातावरण और हरियाली सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।