रायगढ़

3 लोगों पर ब्लेड से हमला, आरोपी गिरफ्तार
24-Aug-2026 9:52 PM
3 लोगों पर ब्लेड से हमला, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 24 अगस्त।  रायगढ़ जिले के थाना पूंजीपथरा क्षेत्र में आने वाले तुमीडीह में साप्ताहिक बाजार के दौरान शराब के नशे में लोगों से विवाद कर ब्लेड से हमला करने वाले आरोपी को पूंजीपथरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी ने एक के बाद एक तीन लोगों के गले के पास ब्लेड से वार कर उन्हें घायल किया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर उसके कब्जे/निशानदेही से घटना में प्रयुक्त ब्लेड जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

अपराध को लेकर प्रार्थी सोमा सिंकू ने  22 अगस्त को थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ शाम करीब 7:30 बजे तुमीडीह इंदिरा भवन के पास पहुंचने पर एक व्यक्ति शराब के नशे में आने-जाने वाले लोगों को गाली-गलौज कर रहा था।

उक्त व्यक्ति ने सोमा सिंकू एवं उसके साथी को देखकर उनके साथ भी अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। दोनों ने उसे गाली देने से मना किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए जेब से ब्लेडनुमा धारदार वस्तु निकालकर दोनों के गले के पास वार कर दिया। हमले में दोनों के गले में चोट लगी और खून निकलने लगा।

घटना की सूचना थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को प्राप्त होते ही तत्काल पुलिस टीम मौके के लिए रवाना की गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय जांच के बाद सभी घायलों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। प्र्रकरण में थाना पूंजीपथरा में धारा 296, 351(3), 109(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुभाष पन्ना पिता आनंदी पन्ना, (48) के रूप में हुई है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट