रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 24 अगस्त। रायगढ़ पुलिस एवं साइबर सेल द्वारा चलाए गए तकनीकी अभियान के अंतर्गत पिछले तीन महीनों में गुम और चोरी हुए 150 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए। बरामद किए गए मोबाइलों का कुल अनुमानित मूल्य 37 लाख 50 हजार रुपये बताया गया है। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इन मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के अनुसार, दूरसंचार विभाग के सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से गुम हुए मोबाइलों का विवरण दर्ज कर उनके आईएमईआई नंबरों को ब्लॉक और ट्रेसिंग पर रखा गया था। साइबर पुलिस टीम ने सीईआईआर पोर्टल से प्राप्त तकनीकी डेटा का विश्लेषण कर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा ओडिसा, बिहार एवं पश्चिम बंगाल में उपयोग किए जा रहे मोबाइलों को ट्रेस किया और उन्हें रिकवर किया।
मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि वर्तमान में मोबाइल में बैंकिंग, निजी दस्तावेज़ और महत्वपूर्ण डेटा सुरक्षित रहते हैं, जिससे इसका गुम होना वित्तीय व सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से संवेदनशील विषय है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी को लावारिस मोबाइल मिले, तो उसे उपयोग करने के बजाय निकटतम थाने या साइबर सेल में जमा कराएं। साथ ही मोबाइल गुम होने पर तत्काल पुलिस शिकायत दर्ज कराने और सीईआईआर पोर्टल पर रिपोर्ट करने का सुझाव दिया।