रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 19 अगस्त। घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम तिलाईपाली (बिच्छीनारा), तहसील घरघोड़ा, जिला रायगढ़ निवासी अमीर कुमार राठिया (पिता समारू राठिया) के साथ एनटीपीसी कोयला खनन परियोजना के मुआवजे की राशि में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी खगेश्वर गुप्ता और प्रदीप गुप्ता के अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
प्रार्थी अमीर कुमार राठिया की जमीन और मकान एनटीपीसी कोयला खनन परियोजना के अधिग्रहण में आ गया था, जिसके एवज में उसे भारी-भरकम मुआवजा राशि 69 लाख 64 हजार 618 रुपए मिली थी। भरोसे का फायदा: प्रार्थी कम पढ़ा-लिखा (कक्षा पांचवी पास) है और कागजी कार्यवाही की जानकारी न होने का लाभ उठाकर आरोपी खगेश्वर गुप्ता उसके पास पहुंचा। मुआवजा दिलाने के नाम पर आरोपी ने उसके बैंक पासबुक और दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया।
इसके बाद आरोपियों ने सुनियोजित षड्यंत्र रचते हुए पंजाब नेशनल बैंक रायगढ़ शाखा में प्रार्थी और उसके परिवार के बैंक खातों से छेड़छाड़ की। आरोपियों ने बिना सहमति के चेक में हस्ताक्षर करवाकर कुल 49 लाख, 50 हजार अपने रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर करा लिए। प्रदीप गुप्ता ने अपने पिता मोतीलाल गुप्ता के खाते में 25 लाख रुपए ट्रांसफर किए। खगेश्वर गुप्ता ने अपने छोटे भाई जगदीश गुप्ता के खाते में 24 लाख 50 हजार रुपए ट्रांसफर किए।
जब प्रार्थी ने बैंक जाकर अपना स्टेटमेंट निकलवाया, तब उसे पता चला कि उसके खाते से कुल 69 लाख 64 हजार 618 रुपए में से 49 लाख 50 हजार रुपए गायब हैं। विरोध करने और रकम वापस मांगने पर आरोपी टाल-मटोल करने लगे और पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। आखिरकार प्रार्थी ने 17 अगस्त को थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की गुहार लगाई है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।