रायगढ़
जंतर-मंतर के आंदोलन के बाद बदलता दिख रहा युवा तेवर, खरसिया में पढ़ाई छोड़ सडक़ पर उतरे स्कूली बच्चे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 18 अगस्त। जंतर-मंतर मार्ग पर हुए जेएनजी आंदोलन के बाद अब आंदोलन की यह तस्वीर स्कूलों से लेकर कॉलेज परिसरों तक दिखाई देने लगी है। स्कूली बच्चों से लेकर कॉलेज के युवाओं और बेरोजगारों तक में व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इसी बदलते तेवर की एक तस्वीर रायगढ़ जिले की खरसिया विधानसभा में भी देखने को मिली, जहां खस्ताहाल सडक़ के निर्माण कार्य को लेकर स्कूली बच्चों ने अपनी पढ़ाई छोडक़र सडक़ पर मोर्चा खोल दिया।
भालुनारा से राबर्टसन स्टेशन तक की सडक़ वर्षों से जर्जर हालत में है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और बारिश में सडक़ की बिगड़ती हालत ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों के लिए भी परेशानी का बड़ा कारण बनी हुई है। रोज स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को दुर्घटना के खतरे के बीच सफर करना पड़ता है।
बताया जा रहा है कि सडक़ निर्माण का काम मार्च महीने में शुरू होना था, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही के चलते काम शुरू नहीं हुआ। लंबे समय तक इंतजार करने के बाद ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों ने भी सिस्टम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बच्चों ने सडक़ पर जमकर प्रदर्शन किया और चक्काजाम कर दिया। किताब-कॉपी छोडक़र सडक़ पर उतरे बच्चों के तेवर देखकर प्रशासनिक अमले में भी हलचल मच गई।
दो घंटे में जागा प्रशासन, दौड़ता हुआ पहुंचा ठेकेदार
आंदोलन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने नाराज बच्चों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बच्चे अपनी मांग से पीछे हटने को तैयार नहीं थे। बच्चों ने अधिकारियों को सडक़ की बदहाली, दुर्घटनाओं के खतरे और बारिश के दिनों में होने वाली परेशानियों से अवगत कराया। इस दौरान बच्चों ने बेखौफ होकर नारे भी लगाए।
आंदोलन का असर ऐसा हुआ कि करीब दो घंटे के भीतर प्रशासन सक्रिय नजर आया और ठेकेदार को मौके पर बुलाया गया।
सडक़ निर्माण कार्य शुरू होने की प्रक्रिया आगे बढऩे के बाद ही बच्चों ने अपना आंदोलन समाप्त किया।
खरसिया की यह घटना केवल सडक़ निर्माण की मांग तक सीमित नहीं है। यह उस नई पीढ़ी की बदलती सोच की तस्वीर भी है, जो समस्याओं को चुपचाप सहने के बजाय सवाल पूछना सीख रही है।