रायगढ़

शिकायत करने पहुंचे युवक की पिता के सामने ही कर दी पिटाई, एफआईआर दर्ज
07-Aug-2026 6:33 PM
शिकायत करने पहुंचे युवक की पिता के सामने ही कर दी पिटाई, एफआईआर दर्ज

रायगढ़, 7 अगस्त। बेटे की शिकायत करना एक युवक को भारी पड़ गया। पड़ोसी युवक की गाली-गलौच की शिकायत उसके पिता से करने पहुंचे युवक के साथ बेटे ने ही मारपीट कर दी। मामले में कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना कुम्हारपारा क्षेत्र की बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार अंश होटल के सामने रहने वाले रमेश चक्रधारी मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करते हैं। बुधवार शाम मोहल्ले का अनिल प्रजापति उनके घर के सामने गाली-गलौच कर रहा था। इससे परेशान होकर रमेश उसकी शिकायत करने अनिल के पिता संजय प्रजापति के घर पहुंचे और बताया कि उनका बेटा घर के बाहर विवाद कर रहा है। रमेश ने आरोप लगाया कि इसी दौरान घर के अंदर मौजूद सचिन प्रजापति बाहर आया और शिकायत करने की बात को लेकर विवाद करने लगा। इसके बाद उसने गाली-गलौच करते हुए रमेश के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। हमले में रमेश के सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।

मारपीट की जानकारी मिलने पर रमेश का भतीजा भूवनेश्वर चक्रधारी मौके पर पहुंचा तो आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद रमेश ने कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। रमेश ने पुलिस को बताया कि अनिल प्रजापति आए दिन घर के बाहर गाली-गलौच करता है और मारने की धमकी देता है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट