रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 5 अगस्त। रक्तदान और निस्वार्थ मानव सेवा के क्षेत्र में लगातार किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए रायगढ़ पुलिस के आरक्षक रवि श्रीवास को प्रतिष्ठित छत्तीसगढ़ रत्न सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें 2 अगस्त को रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल परिसर में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह में प्रदान किया गया।
समारोह में प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा प्रदेश के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के हाथों आरक्षक रवि श्रीवास को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से समाज सेवा, रक्तदान, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि आरक्षक रवि श्रीवास अपनी पुलिस ड्यूटी के साथ-साथ लंबे समय से श्री साईं रक्तदान समिति के माध्यम से रक्तदान एवं मानव सेवा के कार्यों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने न केवल स्वयं नियमित रक्तदान किया है, बल्कि हजारों युवाओं और नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया है। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने, आपातकालीन परिस्थितियों में रक्तदाताओं का नेटवर्क तैयार करने तथा रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
आरक्षक रवि श्रीवास और उनकी समिति का मानना है कि रक्तदान महादान केवल एक संदेश नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। उनके प्रयासों से अनेक गंभीर मरीजों, दुर्घटना पीडि़तों, प्रसूताओं एवं थैलेसीमिया से पीडि़त बच्चों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सका है।
मानवता की सेवा के प्रति उनके समर्पण ने उन्हें समाज में एक अलग पहचान दिलाई है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद रवि श्रीवास ने इस सम्मान का श्रेय अपने सभी सहयोगियों, स्वैच्छिक रक्तदाताओं, श्री साईं रक्तदान समिति के सदस्यों तथा उन सभी लोगों को दिया, जिन्होंने हर कठिन समय में मानव सेवा के इस अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे रक्तदान जागरूकता अभियान को और व्यापक स्तर पर संचालित करते हुए जरूरतमंद मरीजों की सहायता तथा समाज सेवा के कार्य पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ जारी रखेंगे।