रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 5 अगस्त। रायगढ़ जिले के तमनार तहसील अंतर्गत पूंजीपथरा क्षेत्र में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अवैध रेत डंपिंग की सूचना मिलते ही तहसीलदार शिवम पांडेय और नायब तहसीलदार पंकज मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच के दौरान भारी मात्रा में अवैध रूप से डंप की गई बालू बरामद की।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने 20 से अधिक डंपर के बराबर अवैध बालू को जब्त करते हुए नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबारियों में हडक़ंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से क्षेत्र में अवैध रूप से रेत का भंडारण किया जा रहा था। सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जब्त की गई बालू को राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा मामले में संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और रेत के अवैध भंडारण के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।