रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 4 अगस्त। जूटमिल पुलिस ने दूध विक्रेता की चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर एक निगरानी बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कबीर चौक निवासी निगरानी बदमाश दीपक बरेठ थाना जूटमिल के पीछे चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को बाइक सहित पकड़ लिया। बरामद मोटरसाइकिल की आगे-पीछे की नंबर प्लेट टूटी हुई मिली।
पूछताछ एवं मेमोरेंडम के दौरान आरोपी दीपक बरेठ (34 वर्ष), निवासी कबीर चौक, वार्ड क्रमांक-35, थाना जूटमिल ने स्वीकार किया कि उसने झोपड़ीपारा स्थित अभिनव स्कूल के सामने दूध बेचने आए व्यक्ति की मोटरसाइकिल चोरी की थी। आरोपी ने यह भी बताया कि बाइक में रखे तीन दूध के डिब्बों को उसने केलो नदी में फेंक दिया था, जो पानी के तेज बहाव में बह गए। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।