रायगढ़

ग्रामीण पर टंगिया से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
02-Aug-2026 9:15 PM
ग्रामीण पर टंगिया से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 2 अगस्त। तमनार पुलिस ने बुजुर्ग पर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने अपनी पत्नी को भगाने की शंका में 60 वर्षीय ग्रामीण पर टंगिया  से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

31 जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार से थाना तमनार को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम महलोई निवासी भागीरथी किशान (60) सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उपचार हेतु भर्ती हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के निर्देशन में तमनार पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां घायल भागीरथी के पुत्र विनोद किशान से पूछताछ में उसने बताया कि गांव के दूजराम चौहान को संदेह था कि उसकी पत्नी को भागीरथी किशान ने घर से भगाया है। इसी बात को लेकर वह पिछले दो-तीन दिनों से लगातार भागीरथी से गाली-गलौज और विवाद कर रहा था।

प्रार्थी के अनुसार 31 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे भागीरथी किशान अपने घर के सामने गली में खड़े थे, तभी आरोपी दूजराम चौहान हाथ में टंगिया लेकर वहां पहुंचा और पत्नी को भगाने का आरोप लगाते हुए अश्लील गालियां देने लगा। इसके बाद उसने जान से मार दूंगा कहते हुए जानलेवा नीयत से भागीरथी किशान के सिर पर लगातार तीन-चार वार कर दिए।

गंभीर चोट लगने से भागीरथी किशान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तमनार में धारा 296, 351(3), 109(1) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दूजराम चौहान (64), निवासी महलोई को हिरासत में लिया। पूछताछ एवं मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त की गई। आरोपी को कल गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। घायल भागीरथी किशान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पहले जिला अस्पताल रायगढ़ और बाद में बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।


अन्य पोस्ट