रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 31 जुलाई। रायगढ़ जिला मुख्यालय से तकरीबन 12 किलोमीटर दूर चिराईपानी गांव में पिछले कई दिनों से बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कल सुबह नहाने जा रही महिला के सिर पर बंदर ने हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया है। गांव के ग्रामीणों के अनुसार अब तक एक दर्जन से अधिक लोगों पर बंदर हमला कर चुके हैं।
मिली जानकारी के अनुसार चिराईपानी गांव की रहने वाली महिला कमला पंडा कल सुबह नहाने के लिए जा रही तभी अचानक पीछे से बंदरों ने उस पर हमला करके जख्मी कर दिया। उसे परिजन प्राथमिक उपचार के लिए सराईपाली अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए महिला को रायगढ़ रेफर कर दिया गया है, बताया जा रहा है कि महिला के सिर में 12 टांके लगे हैं ।
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 20 दिनों से अधिक समय से उनके गांव में बंदरों का आतंक फैला हुआ है, जो अभी तक एक दर्जन से अधिक लोगों पर हमला करके घायल कर चुके हैं।