रायगढ़

गुरु पूर्णिमा पर कोसमनारा पहुंचे सीएम
30-Jul-2026 5:24 PM
गुरु पूर्णिमा पर कोसमनारा पहुंचे सीएम

सत्यनारायण बाबा धाम में की पूजा-अर्चना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 30 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय रायगढ़ के ग्राम कोसमनारा स्थित प्रसिद्ध श्री श्री 108  सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। इस मौके पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा श्रद्धा, आस्था और मार्गदर्शन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। गुरुजनों का आशीर्वाद जीवन को सही दिशा देने के साथ आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि कोसमनारा स्थित सत्यनारायण बाबा धाम लोगों की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा श्रद्धालुओं को आत्मबल और शांति प्रदान करती है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर इस पवित्र धाम में आकर पूजा-अर्चना करना उनके लिए सौभाग्य का अवसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े।

इस अवसर पर सत्यनारायण बाबा की माताश्री हंसमती साहू, महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, अरुणधर दीवान, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, गुरुपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, सुभाष पाण्डेय, विकास केडिया, विवेक रंजन सिन्हा एवं पवन शर्मा, आईजी राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

 

 

सीएम अघोर गुरु पीठ बनोरा पहुंचे, किए दर्शन

रायगढ़, 30 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां श्रद्धा और आस्था के साथ अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम के दर्शन किए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।  उन्होंने आश्रम के उपासना स्थल पर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम की प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी के प्रिय शिष्य पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के भी दर्शन किए और उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी, महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, अरुणधर दीवान, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, गुरुपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, सुभाष पाण्डेय, विकास केडिया, विवेक रंजन सिन्हा एवं पवन शर्मा, आईजी राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

तीन दशक पहले रखी गई थी बनोरा अघोर गुरु पीठ की नींव

रायगढ़ जिले के पूर्वांचल में स्थित ग्राम बनोरा आज आध्यात्मिक साधना के साथ-साथ मानव सेवा और समाज कल्याण के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। छत्तीसगढ़ में अघोर पंथ के बीजारोपण और उसके विस्तार में बनोरा अघोर गुरु पीठ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। करीब तीन दशक पहले पूज्य अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम के प्रिय शिष्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के कर कमलों से ग्राम बनोरा में अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट की नींव रखी गई थी।

अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट बनोरा और इससे जुड़ी शाखाएं आध्यात्मिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर मानव सेवा को अपनी कार्यप्रणाली का प्रमुख आधार बनाए हुए हैं। आसपास के क्षेत्रों में जरूरतमंद, बेसहारा और वंचित लोगों की सहायता के लिए विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जाती हैं। शिक्षा, चिकित्सा और आध्यात्मिक संस्कारों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों को सहयोग देने का कार्य लगातार किया जा रहा है। ट्रस्ट से जुड़ी संस्थाएं लोगों को जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं से जोडऩे के साथ ही मानवीय मूल्यों, सेवा भावना और संस्कारों के विकास में भी योगदान दे रही हैं। जरूरतमंदों को शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट