रायगढ़

स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेसियों का कलेक्टोरेट मार्च
27-Jul-2026 6:19 PM
स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेसियों  का कलेक्टोरेट मार्च

पुलिस से झड़प, उमेश पटेल बोले-जनता से हो रही वसूली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 27 जुलाई। स्मार्ट मीटर के विरोध में सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने रायगढ़ में बड़ा प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस सहित पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय तक मार्च निकालते हुए पहुंचे। इस प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने चक्रधर नगर थाने के पास ही रैली को बैरिकेट्स लगाकर रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोडक़र कलेक्टर कार्यालय परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने रोक दिया।

प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि साय सरकार स्मार्ट मीटर के नाम पर छत्तीसगढ़ की जनता से वसूली कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरप्लस बिजली होने के बावजूद लोगों को अघोषित बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है, जिससे घरों में अंधेरा पसरा हुआ है।

श्री पटेल ने बताया कि बिजली दर की बढ़ोतरी को लेकर लोग परेशान है, इसी को लेकर यह प्रदर्शन है। हमारा कहना है कि जल्द ही इसमें सुधार करें अन्यथा आक्रोश और बढ़ते जाएगा। उनका यह भी कहना है कि जब से स्मार्ट मीटर लगा है बिजली बिल में बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा बिजली कटौती से किसान खासे परेशान है।

कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को तत्काल हटाने की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में कांग्रेस और युवा कांग्रेस के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए कलेक्टर कार्यालय के कुछ दूर सडक़ पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।


अन्य पोस्ट