रायगढ़
बिहान की दीदीयों की इको-फ्रेंडली बीज राखियों की धूम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 23 जुलाई। जिले में इस बार रक्षाबंधन के पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोडऩे की अभिनव पहल करते हुए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की महिलाएं जिलेभर में इको-फ्रेंडली बीज राखियां तैयार कर रही हैं।
सोमवार को जिला कलेक्टोरेट परिसर में बिहान की दीदीयों ने अपने हाथों से निर्मित बीज राखियों का आकर्षक स्टॉल लगाया। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने स्टॉल का अवलोकन कर समूह की महिलाओं से राखियां खरीदीं तथा नगद भुगतान भी किया। साथ ही उन्होंने उनके नवाचार और पर्यावरण संरक्षण की इस पहल की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी बड़ी संख्या में बीज राखियां खरीदकर महिलाओं के प्रयासों को प्रोत्साहित किया।
राखी के साथ हरियाली का संदेश
जिले के सभी सातों विकासखंडों में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं बरबट्टी, मक्का, लौकी, करेला, सेमी, कुम्हड़ा, ग्वारफली, भिंडी, उड़द, मसूर, मूंगफली, धान एवं अन्य स्थानीय बीजों तथा अनाज से आकर्षक राखियां तैयार कर रही हैं। फेवीकॉल, रंग, स्टीकर और धागे की सहायता से बनाई गई इन राखियों की विशेषता यह है कि उपयोग के बाद इन्हें मिट्टी में दबाने पर इनमें लगे बीज अंकुरित होकर पौधे का रूप ले सकते हैं। इस प्रकार ये राखियां केवल भाई-बहन के अटूट स्नेह का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश भी देती हैं। कम लागत, आकर्षक डिजाइन और पर्यावरण के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण इन बीज राखियों की मांग लगातार बढ़ रही है।
सातों विकासखंडों में नवाचार की मिसाल
रायगढ़ विकासखंड के ग्राम गोपालपुर की स्व-सहायता समूह की सदस्य एवं बिहान में वीसी सखी के रुप में कार्यरत सुनंदा चौहान ने धान, भुट्टा, सेमी, करेला और बरबट्टी के बीजों से आकर्षक बीज राखियां तैयार की हैं। उनकी यह पहल अन्य समूहों के लिए भी प्रेरणा बन रही है। इसी प्रकार रायगढ़ विकासखंड के ग्राम जुनवानी और गोपालपुर की महिला समूह की सदस्य प्रतिमा कुर्रे ने भी बताया कि महिलाएं पूरे उत्साह के साथ पर्यावरण मित्र बीज राखियां तैयार कर रही हैं।
इस प्रकार की राखी पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए बना रही है जिससे अगर कोई भाई त्यौहार के बाद अपनी राखी कही गिरा दे या गलती से कही फेंक देता है तो इस राखी में लगे बीज अंकुरित होकर फल, सब्जी का रूप लेगे उन्होंने बताया कि इस प्रयास से उनकी आमदनी में भी वृद्धि होगी। पहली बार धान बीज सहित अनेक प्रजाति के बीज से बनी राखियां को गांव-गांव में आयोजित समूह बाजार में महंगी बिकने वाली राखियां से सस्ती और पर्यावरण संरक्षित संदेश के जरिये नया प्रयास किया जा रहा है। इस अभियान को लेकरमहिला समूहों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
बीज राखी भाई-बहन के प्रेम के साथ देगी हरियाली का संदेश
सखी सहेली क्लस्टर की उपाध्यक्ष अनिता महंत ने बताया कि बीज राखी बनाने का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण है। प्लास्टिक की राखियों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए बिहान से जुड़ी दीदीयों ने विभिन्न घरेलू बीजों से राखियां तैयार की हैं। नारी विकास संकुल संगठन की बीआरपी रितु बंजारे ने बताया कि बीज राखियों में चना, तिल, उड़द, अरहर, सरसों, पालक और लाल भाजी जैसे बीजों का उपयोग किया गया है। राखी कहीं भी गिरने पर मिट्टी में मिलकर पौधे का रूप ले सकती है, जो पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है।


