रायगढ़

नाबालिग से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार
22-Jul-2026 5:45 PM
नाबालिग से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 22 जुलाई। नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ एवं धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चुकू शिकारी (20) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

घटना के संबंध में 15 वर्षीय पीडि़ता अपने परिजनों के साथ 19 जुलाई को थाना लैलूंगा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीडि़ता ने बताया कि 17 जुलाई को वह ग्राम बगुडेगा में आयोजित रथ मेले में गई थी। इसी दौरान परिचित युवक चुकू शिकारी, जिसका ससुराल ग्राम बगुडेगा में है, उसे लगातार घूरता रहा। कुछ समय बाद जब वह मेले से कुछ दूरी पर लघुशंका के लिए गई, तब आरोपी पीछे से पहुंचा और जबरन उसे पकड़ लिया। आरोपी ने उसके साथ अभद्र हरकत करते हुए उसकी अस्मिता को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया।

पीडि़ता ने किसी तरह अपना बचाव किया, जिस पर आरोपी ने उसे घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। भय और सामाजिक संकोच के कारण पीडि़ता तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। बाद में उसने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई, जिसके बाद थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

रिपोर्ट पर थाना लैलूंगा में आरोपी चुकू शिकारी (19 वर्ष), के विरुद्ध धारा 76, 77 भारतीय न्याय संहिता एवं 8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार किया। विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर आरोपी चुकू शिकारी (20) को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट