रायगढ़

पोल्ट्री फार्म से बोर पंप चोरी, दो बंदी
22-Jul-2026 5:44 PM
पोल्ट्री फार्म से बोर पंप चोरी, दो बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 22 जुलाई। चक्रधरनगर पुलिस ने बोर पंप चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया मोटर पंप एवं केबल तार बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

मामले में फिरोज आलम (30) निवासी दुर्गा विहार कॉलोनी, रायगढ़ ने 19 जुलाई को थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम सम्बलपुरी स्थित उनके पोल्ट्री फार्म में लगे बोर पंप का मोटर एवं केबल तार अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया है। प्रार्थी ने बताया कि 15 जुलाई की शाम पोल्ट्री फार्म बंद कर घर लौटे थे और अगले दिन सुबह पहुंचे तो बोर पंप का पाइप टूटा मिला तथा मोटर और केबल तार गायब थे।

रिपोर्ट पर धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के कथन एवं तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सम्बलपुरी के दो युवक चोरी का मोटर पंप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में गोरांगो खडिय़ा एवं सुरेन्द्र निषाद ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर गोरांगो खडिय़ा के घर के पीछे बाड़ी में छिपाकर रखा गया चोरी का मोटर पंप एवं केबल तार बरामद कर गवाहों के समक्ष जब्त किया गया।

 विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट