रायगढ़

सडक़ पर कब्जा, जुर्माना
18-Jul-2026 6:31 PM
सडक़ पर कब्जा, जुर्माना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 18 जुलाई। नगर पालिक निगम रायगढ़ द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय की उपस्थिति में निगम की टीम ने श्याम टॉकीज, सुभाष चौक, गांधी पुतला रोड तथा संजय मार्केट क्षेत्र में सघन रूप से अतिक्रमण पर कार्रवाई की।

अभियान के दौरान सार्वजनिक सडक़ एवं फुटपाथ पर व्यवसाय का सामान फैलाकर अतिक्रमण करने वाले कुल 14 दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सडक़ पर रखा प्लास्टिक, साउंड बॉक्स, टेबल, साइकिल, कैरेट सहित अन्य सामान जब्त किया गया। साथ ही संबंधित दुकानदारों पर कुल 22,200 रुपये का अर्थदंड भी अधिरोपित किया गया।

कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने पाया कि कई दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा से बाहर निकालकर सडक़ एवं फुटपाथ पर रखा गया था, जिससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। निगम की टीम ने तत्काल मौके पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया तथा सार्वजनिक मार्ग पर रखे सामान को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई में कुल 14 दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 22,200 रुपये की राशि वसूल की गई।

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण करने वालों को पहले भी लगातार समझाइश दी जाती रही है, लेकिन नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध अब सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

 भविष्य में भी निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सामान जब्ती, अर्थदंड एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 निगम प्रशासन द्वारा शहरवासियों से शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम बनाने के इस अभियान में सहयोग करने की अपील की गई है।


अन्य पोस्ट