रायगढ़

ऐतिहासिक रियासतकालीन रथयात्रा निकली, उमड़े भक्त
17-Jul-2026 10:23 PM
ऐतिहासिक रियासतकालीन रथयात्रा निकली, उमड़े भक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 17 जुलाई। रायगढ़ की 150 वर्ष से अधिक प्राचीन रियासतकालीन श्री जगन्नाथ मंदिर में गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन देवी सुभद्रा का पावन नेत्रोत्सव (नवयौवन दर्शन) वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ श्रद्धा एवं भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। अनासर अवधि के उपरांत महाप्रभु के प्रथम नवयौवन दर्शन के लिए मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा परिसर शंखध्वनि, घंटानाद एवं जय जगन्नाथ के जयघोष से गुंजायमान रहा।

स्नान पूर्णिमा के पश्चात भगवान के दिव्य विग्रहों को परंपरा के अनुसार अनासर अवधि में रखा जाता है। इस अवधि के समापन पर नेत्रों का पुन: अंकन एवं नवयौवन श्रृंगार किया जाता है, जिसे नेत्रोत्सव कहा जाता है। गुरुवार को मंदिर के सेवायतों एवं वैदिक आचार्यों ने गोपनीय धार्मिक परंपराओं के अनुरूप यह अनुष्ठान संपन्न कराया।

छेरा पहरा राजा सतवीर बहादुर सिंह, कुमार अभ्युदय बहादुर सिंह, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, कुमार विश्वविजय सिंह, कुमार त्रिशिवम राजे सिंह ने किया। रियासतकालीन परंपरा के अनुसार 16 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा को  रथ पर विराजमान कराया गया है।

17 जुलाई को रायगढ़ की ऐतिहासिक रियासतकालीन परंपरा के अनुरूप भव्य रथयात्रा निकली, जिसमें महाप्रभु अपने भाई-बहन के साथ मौसीबाड़ी (गुंडीचा मंदिर) के लिए प्रस्थान किए।


अन्य पोस्ट