रायगढ़

शादी का झांसा, रेप आरोपी गिरफ्तार
10-Jul-2026 7:52 PM
शादी का झांसा, रेप आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 10 जुलाई। थाना पूंजीपथरा पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने की शिकायत पर 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार 07 जुलाई को 20 वर्षीय युवती ने थाना पूंजीपथरा में लिखित शिकायत प्रस्तुत कर बताया कि अक्टूबर 2025 में अपने जन्मदिन के अवसर पर सहेली के यहां आने के दौरान उसकी पहचान शेखर बघेल से हुई थी। परिचय के बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। आरोपी लगातार फोन कर प्रेम का इजहार करते हुए जीवनभर साथ निभाने और शादी करने का आश्वासन देता रहा।

पीडि़ता ने शिकायत में बताया कि 22 दिसंबर 2025 को आरोपी ने उसे मिलने के बहाने बुलाया और पत्नी बनाकर रखने का भरोसा देकर मोटरसाइकिल से अपने गेरवानी स्थित घर ले गया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद आरोपी लगातार उसे पत्नी की तरह अपने साथ रखकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब पीडि़ता ने विवाह करने की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगा तथा विवाद कर मारपीट भी करता था। अंतत: 03 जुलाई  को आरोपी ने गाली-गलौज एवं मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद पीडि़ता अपने माता-पिता के पास लौट आई और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

युवती की शिकायत पर थाना पूंजीपथरा में धारा 69 भारतीय न्याय संहिता में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पीडि़ता का चिकित्सीय परीक्षण के.जी.एच., रायगढ़ में कराया गया तथा आरोपी की तलाश शुरू की गई।

पुलिस टीम ने आरोपी शेखर बघेल (20) को उसके निवास से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट