रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 9 जुलाई। अटल परिसर में आयोजित गरिमामय समारोह में नगर पंचायत के नवनियुक्त एल्डरमैन विजय शिशु सिन्हा, डोले पटेल और कुंतीला उरांव ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर जनसेवा का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि सांसद राधेश्याम राठिया की उपस्थिति में एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने तीनों एल्डरमैन को शपथ दिलाई। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में नगरवासियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद सांसद राधेश्याम राठिया ने अटल परिसर में नवनिर्मित ओपन जिम का लोकार्पण कर उसे नगरवासियों को समर्पित किया। उद्घाटन के दौरान उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की नींव होते हैं। ओपन जिम युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करेगा तथा नगर में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सांसद राठिया ने घरघोड़ा के विकास को नई गति देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की। उन्होंने नगर में आधुनिक ऑडिटोरियम, लाइब्रेरी, मंगल भवन के निर्माण तथा आईटीआई भवन के जीर्णोद्धार की घोषणा करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शिक्षा, सामाजिक गतिविधियों और युवाओं के कौशल विकास को नई दिशा मिलेगी।
शपथ ग्रहण के बाद तीनों एल्डरमैन ने नगर पंचायत के समग्र विकास, जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा शासन की योजनाओं को पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ धरातल पर उतारने का संकल्प व्यक्त किया। समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान, जिला उपाध्यक्ष नरेश पंडा, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, नगर पंचायत के पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, तहसीलदार मनोज कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार सहोदर पैंकरा, नायब तहसीलदार हिमांशु सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती पुष्पा खलखो सहित नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।