रायगढ़
22 साल पुराने प्रकरण के दस्तावेज नहीं मिलने से हडक़ंप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 4 जुलाई। जिले के तहसील कार्यालय से एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। कोसा भवन निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि से जुड़ी 22 साल पुरानी भू-अर्जन प्रकरण की मूल नस्ती (फाइल) रहस्यमय तरीके से गायब हो गई है। मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हडक़ंप मच गया है।
तहसीलदार रायगढ़ शिव कुमार डनसेना ने थाना चक्रधरनगर में लिखित आवेदन देकर बताया है कि ग्राम बैकुण्ठपुर की निजी भूमि अधिग्रहण से संबंधित भू-अर्जन प्रकरण क्रमांक 22/अ-82/1991-92 का मूल दस्तावेज जनवरी 2026 से लगातार खोजबीन के बावजूद नहीं मिल पाया है।
बताया गया कि यह प्रकरण लोक निर्माण विभाग के लिए कोसा भवन निर्माण से जुड़ा हुआ है, जिसका अवार्ड 8 जुलाई 2004 को विधिवत पारित किया गया था। हाल ही में न्यायालयीन और कार्यालयीन कार्यों के लिए जब मूल फाइल की आवश्यकता पड़ी, तब अभिलेखागार में दस्तावेज तलाशे गए, लेकिन पूरी नस्ती गायब मिली।
तहसील कार्यालय और अनुविभागीय अधिकारी भू-अर्जन शाखा के सभी रिकॉर्ड रूम और अन्य स्थानों पर सूक्ष्म जांच की गई, लेकिन दस्तावेज का कोई पता नहीं चल सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार ने थाना प्रभारी चक्रधरनगर को पत्र क्रमांक 1634/तह./2026, 03 जुलाई के माध्यम से एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर धारा 305(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।