रायगढ़

गाय को बचाते ट्रेन से टकराया बुजुर्ग, मौत
21-Jun-2026 8:55 PM
गाय को बचाते ट्रेन से टकराया बुजुर्ग, मौत

रायगढ़, 21 जून। घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम कंचनपुर में रेलवेपटरी पर एक दर्दनाक हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन आने के दौरान एक गाय रेलवे ट्रैक पर आ गई थी। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग गाय को बचाने के लिए ट्रैक पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले कि वे खुद सुरक्षित हट पाते, ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ समय पहले इसी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक हाथी ट्रेन की चपेट में आ गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। अब एक बुजुर्ग की जान जाने से लोगों में चिंता और नाराजगी दोनों बढ़ गई हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि घरघोड़ा क्षेत्र में रेलवे लाइन बिछने के बाद से ट्रैक गांवों और चराई वाले इलाकों के बीच से गुजर रहा है। इसके बावजूद पशुओं और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। कई स्थानों पर न तो सुरक्षा घेराबंदी है और न ही ऐसे उपाय, जिनसे पशु ट्रैक तक पहुंचने से रोके जा सकें।


अन्य पोस्ट