रायगढ़

नानी से मारपीट-हमला, बंदी
19-Jun-2026 6:34 PM
नानी से मारपीट-हमला, बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 19 जून। कोतवाली पुलिस ने अपनी वृद्ध नानी से मारपीट कर चाकू से हमला करने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

जानकारी के अनुसार रामभांठा अंश होटल के पीछे निवासी उषा यादव पति भोगीलाल यादव (65) ने 16 जून को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने पति, बहू एवं नातिन के साथ निवास करती हैं। उनका नाती विशाल यादव उर्फ बजरंग यादव घर के समीप रहता है तथा शराब पीने का आदी है, जो अक्सर पैसों की मांग कर विवाद करता है। 16 जून को दोपहर लगभग 1.30 बजे आरोपी विशाल यादव ने उनसे पैसे मांगे। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसी दौरान आरोपी ने चाकू से उनकी भुजा के पास वार कर उन्हें चोट पहुंचाई।

पीडि़ता की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली रायगढ़ में बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। अपराध दर्ज होने के बाद पीडि़ता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। डॉक्टर द्वारा मुलाहिजा रिपोर्ट में धारदार वस्तु से चोट होना लेख किए जाने पर प्रकरण में धारा 118(1) बीएनएस भी जोड़ी गई।

आरोपी विशाल यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तथा पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल  एवं उनकी टीम त्वरित विवेचना कर आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया गया।

आरोपी के विरुद्ध गैर जमानतीय धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट