रायगढ़

शिफ्टिंग के बावजूद केनाल लिंक रोड में फंसा पेंच!
18-Jun-2026 5:28 PM
शिफ्टिंग के बावजूद केनाल लिंक रोड में फंसा पेंच!

पीडि़त महिला पहुंची हाईकोर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 18 जून। शहर में बन रहे ‘केनाल लिंक रोड’ के रास्ते में आने वाले मकानों और जमीनों को लेकर नगर निगम ताबड़तोड़ एक्शन मूड में है। पहले नोटिस और फिर 15 दिनों के भीतर बुलडोजर! जल्दबाजी ऐसी की सडक़ चौड़ीकरण के नाम पर निगम का अमला बिना सही नपती (सीमांकन) किए लोगों को बेदखल करने की तैयारी में है। लेकिन इंदिरा नगर रोड, कुम्हार पारा की रहने वाली 56 वर्षीय समरिन बाई ने निगम की इस मनमानी को बिलासपुर हाईकोर्ट में चुनौती देकर एक बड़ी जीत हासिल की है। यह फैसला उन सैकड़ों लोगों के लिए एक संजीवनी है, जो केनाल लिंक रोड के नाम पर अब भी बेघर होने के डर से सहमे हुए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर निगम ने 22 मई को समरिन बाई को प्लाट नंबर 114 पर अवैध कब्जे का नोटिस थमा दिया था। जबकि याचिकाकर्ता की असली और पुश्तैनी जमीन प्लाट नंबर 108 है। जिसका नजूल पट्टा (लीज डिड) उसके नाम पर है। हाईकोर्ट में याचिकाकर्ता के वकील ने सबसे बड़ा और अहम मुद्दा यह उठाया कि प्रशासन ‘केनाल लिंक रोड’ बनाने के लिए याचिकाकर्ता की जमीन का इस्तेमाल करना चाहता है, लेकिन वह जमीन का कानूनी रूप से ‘अधिग्रहण’ नहीं कर रहा है। मुआवजे से बचने के लिए निगम पट्टे वाली वैध जमीन को भी ‘अतिक्रमण’ बताकर सीधे तोडऩे की कोशिश कर रहा है। इसके अलावा, जो नपती (सीमांकन) भी की गई, वह पूरी तरह से गलत और पीठ पीछे की गई थी।

याचिकाकर्ता की इस दमदार दलील को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने साफ कर दिया कि निगम किसी भी वैध जमीन पर यूं ही बुलडोजर नहीं चला सकता। कोर्ट ने नगर निगम रायगढ़ को स्पष्ट निर्देश दिया है कि सबसे पहले नजूल अधिकारी की मौजूदगी में याचिकाकर्ता की असली जमीन (खसरा नंबर 108) का विधिवत सीमांकन (नपती) किया जाए। जब तक जमीन की सही बाउंड्री और पहचान तय नहीं हो जाती, तब तक याचिकाकर्ता की पट्टे वाली जमीन पर निगम कोई कार्रवाई नहीं कर सकेगा। यह सुनिश्चित किया गया है कि निगम सिर्फ उसी जगह कार्रवाई कर सकता है जो वास्तव में अतिक्रमण के दायरे में आती हो, न कि पट्टे की जमीन पर।

समरिन बाई की यह कानूनी जीत केनाल लिंक रोड के आस-पास रहने वाले हर उस नागरिक के लिए एक बड़ी नजीर है, जिसे निगम ने अतिक्रमण का नोटिस थमाया है।

 इस फैसले से उन तमाम लोगों को अपने अधिकारों की रक्षा करने का स्पष्ट रास्ता मिल गया है।

अक्सर लोग सरकारी नोटिस देखकर डर जाते हैं। लेकिन अगर आपके पास अपनी जमीन का पट्टा या सही राजस्व रिकॉर्ड (नामांतरण) है, तो निगम आपको ‘अतिक्रमणकारी’ बताकर अचानक बेदखल नहीं कर सकता। प्रशासन को कानूनी प्रक्रिया का पालन करना ही होगा।

हाईकोर्ट के इस फैसले ने स्पष्ट कर दिया है कि बिना भू-स्वामी की मौजूदगी और बिना नजूल या राजस्व अधिकारी के हुए किसी भी एकतरफा सीमांकन (नपती) को कोर्ट में चुनौती दी जा सकती है। निगम बंद कमरे में नपती कर किसी का घर नहीं उजाड़ सकता।

सबसे अहम बात यह है कि अगर सरकार या निगम को सडक़ (केनाल लिंक रोड) बनाने के लिए आपकी वैध जमीन चाहिए, तो उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत ‘अधिग्रहण’ करना होगा और उसका उचित मुआवजा देना होगा। प्रशासन इसे सिर्फ ‘अतिक्रमण’ बताकर मुफ्त में लोगों की जमीन नहीं छीन सकता। समरिन बाई की याचिका ने प्रशासन की इसी मंशा पर सीधे चोट की है।


अन्य पोस्ट