रायगढ़

चलती ट्रेन से महिला का बैग व दो मोबाइल चोरी
17-Jun-2026 8:21 PM
चलती ट्रेन से महिला का बैग व दो मोबाइल चोरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 17 जून। नर्मदा एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला यात्री के बैग और दो मोबाइल फोन चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीडि़ता ने जीआरपी रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ के इंदिरा नगर स्थित केशर परिसर कॉलोनी निवासी पद्मावती थवाईत अपने पति अरुण कुमार थवाईत के साथ 13 जून  को नर्मदा एक्सप्रेस (18233) से उज्जैन से बिलासपुर की यात्रा कर रही थीं। दोनों का आरक्षण बी-4 कोच की सीट नंबर 5 और 6 पर था।

पीडि़ता के अनुसार, रात करीब 12 बजे उन्हें नींद आ गई थी। सुबह लगभग 6 बजे जब ट्रेन निवाड़ स्टेशन के पास पहुंची, तब उनकी नींद खुली। इस दौरान उन्होंने देखा कि तकिए के पीछे रखा उनका पर्स और सीट के नीचे रखा काले रंग का बैग गायब है। कोच में तलाश करने पर उनका खाली पर्स बाथरूम में मिला, लेकिन उसमें रखे दोनों मोबाइल फोन चोरी हो चुके थे।

चोरी गए सामान में एक सैमसंग गैलेक्सी एस-24 अल्ट्रा, एक वीवो वी-27 मोबाइल, पावर बैंक, मोबाइल चार्जर, कॉस्मेटिक सामग्री तथा कपड़ों से भरा बैग शामिल है। पीडि़ता ने चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई है। यात्रा समाप्त होने के बाद तत्काल रायगढ़ लौटने की मजबूरी के कारण पीडि़ता बिलासपुर में रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सकीं। इसके बाद उन्होंने 15 जून को जीआरपी रायगढ़ पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर जीआरपी ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे पुलिस अब ट्रेन में सक्रिय चोर गिरोहों के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है तथा चोरी गए मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट