रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 13 जून। महिला थाना रायगढ़ की टीम ने रेप के एक प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी नीरापद बबली उर्फ नीरापद बबली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपी द्वारा रायगढ़ की एक महिला को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण किए जाने की शिकायत पर महिला थाना में अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
घटना के संबंध में पीडि़ता ने 28 अपै्रल को महिला थाना रायगढ़ में आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीडि़ता ने बताया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से आरोपी नीरापद बबली से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी। आरोपी ने स्वयं को रायपुर निवासी एवं पेंट-पुट्टी ठेकेदारी का कार्य करने वाला बताते हुए पीडि़ता से विवाह करने का आश्वासन दिया था। पीडि़ता द्वारा अपने परिजनों को भी आरोपी के संबंध में जानकारी दी गई थी। पीडि़ता के अनुसार, 14 अक्टूबर 2023 को आरोपी उसके घर आया और परिजनों से मुलाकात करने के बाद विवाह का विश्वास दिलाते हुए उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद आरोपी कई बार उसके घर आता रहा तथा पीडि़ता को कुडुमकेला ले जाकर किराए के मकान में वर्ष 2025 तक अपने साथ रखा, जहां वह लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीडि़ता ने बताया कि 5 मई 2025 को आरोपी उसे रायगढ़ स्थित घर छोडक़र चला गया। बाद में 17 अपै्रल को आरोपी पुन: पीडि़ता के घर आया और यह कहते हुए विवाह से इंकार कर दिया कि वह पहले ही शादी कर चुका है। विरोध करने पर आरोपी ने पीडि़ता से गाली-गलौज करते हुए उसे धमकी दी और वहां से चला गया।
पीडि़ता की रिपोर्ट पर महिला थाना रायगढ़ में धारा 69 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए महिला थाना टीम द्वारा पूर्व में भी दबिश दी गई थी, किंतु आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर फरार चल रहा था। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के सीतापुर क्षेत्र में होने की सूचना प्राप्त हुई, जिस पर महिला थाना की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीतापुर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। आरोपी नीरापद बबली के मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे पेटला, जिला सरगुजा (सीतापुर क्षेत्र) से गिरफ्तार किया गया। थाना लाकर घटना के संबंध में पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


