रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़,10 जून। थाना पूंजीपथरा पुलिस ने एनआरवीएस स्टील लिमिटेड प्लांट से लाखों रुपये मूल्य के एस.एस. स्क्रैप पाइप की चोरी के मामले का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से संगठित होकर कंपनी के भीतर रखे स्क्रैप पाइप को चोरी कर बाहर निकालने और बेचने की साजिश रची थी।
प्लांट के भीतर से 300 किलो एस.एस. स्क्रैप पाइप की हुई थी चोरी
एनआरवीएस स्टील लिमिटेड, पूंजीपथरा के प्रबंधक पवन अग्रवाल द्वारा 06 जून की रात्रि थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि प्लांट के स्क्रैप यार्ड की जांच के दौरान लगभग 300 किलो एस.एस. स्क्रैप पाइप, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 08 हजार रुपये है, चोरी होना पाया गया। रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्लांट कर्मचारियों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान थाना प्रभारी के सक्रिय सूचनातंत्र मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी गया एस.एस. पाइप जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखा गया है और कुछ लोग उसकी बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने एनआरवीएस स्टील प्लांट के पीछे क्षेत्र में घेराबंदी कर पांच संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में सभी आरोपियों ने संगठित होकर चोरी करना स्वीकार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कंपनी से निकाले गए खराब एस.एस. पाइप को फ्लाई ऐश (डस्ट) के भीतर छिपाकर प्लांट से बाहर निकालने की योजना बनाई गई थी। योजना के तहत आरोपी बृज कुमार खटकर (प्लांट जेसीबी आपरेटर) ने जेसीबी के माध्यम से स्क्रैप पाइप को फ्लाई ऐश में दबाया। इसके बाद प्लांट के लोडर चालक दीपक कुमार कश्यप ने पाइप को ट्रेलर में लोड किया और उसके ऊपर फ्लाई ऐश भर दी। ट्रेलर चालक नंदकिशोर विश्वकर्मा चोरी के माल को प्लांट से बाहर निकालकर गेरवानी क्षेत्र में ले गया, जहां पाइप को छिपाकर रखा गया। बाद में आरोपी करन श्रीवास की ईको वाहन में आरोपी राजेश पटेल के साथ मिलकर पाइप को लोड कर तराईमाल जंगल में छिपा दिया गया था। आरोपियों की समय मिलने पर चोरी के माल को बेचकर रकम आपस में बांटने वाले थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तराईमाल जंगल से 300 किलो एस.एस. स्क्रैप पाइप तथा परिवहन में प्रयुक्त ईको वाहन बरामद किया। बरामद मशरूका 300 किलो एस.एस. स्क्रैप पाइप कीमत 1,08,000 रुपये, ईको वाहन कीमत 8,00,000 रुपये, कुल बरामदगी मूल्य 9,08,000 रुपये है।


