रायगढ़

मारपीट, तीन फरार आरोपी गिरफ्तार
08-Jun-2026 4:33 PM
मारपीट, तीन फरार आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 8 जून। कोतवाली पुलिस ने मारपीट के एक प्रकरण में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

मिली जानकारी के अनुसार बैकुण्ठपुर महावीर चौक निवासी वैभव ठाकुर (23) ने 28 मार्च को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह साउंड एंड लाइट व्यवसाय का कार्य करता है। 27 मार्च  को श्रीरामनवमी शोभायात्रा के दौरान गैलेक्सी मॉल के पास कुछ व्यक्तियों के बीच विवाद हो रहा था, जिसमें उसने बीच-बचाव किया था। शोभायात्रा समाप्त होने के बाद देर रात जब वह दशरथ पान ठेला के पास अपने साउंड सिस्टम का सामान रखवाकर खड़ा था, तभी शुभम भाठिया, विश्वास बैरागी तथा उनके साथी राकेश उर्फ गोलू महंत एवं सुनील दास महंत वहां पहुंचे और बीच-बचाव करने की बात को लेकर विवाद करने लगे।

प्रार्थी के अनुसार आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद शुभम भाठिया ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से हमला किया तथा अन्य आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और लातों से मारपीट की, जिससे प्रार्थी को नाक, कंधे और हाथ में चोटें आईं। मामले में थाना कोतवाली में धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। चिकित्सीय परीक्षण उपरांत प्रकरण में आवश्यक धाराएं जोड़ी गईं।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे।  पुलिस ने 4 जून को आरोपी विश्वास बैरागी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ घटना में शामिल होना स्वीकार किया। विवेचना के दौरान प्राप्त जानकारी के आधार पर कल फरार आरोपी सतवेंदर सिंह (28), राकेश (25), तथा सुनील दास महंत (27), निवासी सोनियानगर कोतरारोड़ रायगढ़ को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपी सतवेंदर सिंह उर्फ शुभम भाठिया की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हाथ में पहनने वाला स्टील का कड़ा बरामद कर जप्त किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट