रायगढ़

शादी का झांसा, नाबालिग बालिकाओं से रेप, गिरफ्तार
07-Jun-2026 6:18 PM
शादी का झांसा, नाबालिग बालिकाओं से रेप, गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 7 जून। महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में नाबालिग बालिकाओं के साथ रेप के आरोप में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

पहले मामले में एक नाबालिग बालिका (16) की ओर से उसके पिता द्वारा महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई गई कि आरोपी विकास नामदेव (25) का उनके परिवार में आना-जाना था। आरोपी और उसके परिजनों द्वारा बालिग होने पर नाबालिग से विवाह करने की बात कही गई थी, जिसके बाद आरोपी का घर आना-जाना बढ़ गया और वह बालिका को अपने घर भी ले जाता था।

शिकायत के अनुसार मार्च 2024 में आरोपी विकास नामदेव ने नाबालिग को अपने घर ले जाकर बालिग होने पर शादी करने का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद लगातार विवाह का आश्वासन देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। आरोपी ने नाबालिग की अश्लील फोटो एवं वीडियो भी बना लिए थे और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे अपने प्रभाव में रखता था। पीडि़ता द्वारा घटना की जानकारी परिवार को दिए जाने पर महिला थाना में  धारा 65(1) बीएनएस, 4, 6 पॉक्सो एक्ट में अपराध पंजीबद्ध किया गया। महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास नामदेव को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसका मोबाइल फोन जब्त कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

दूसरे मामले में चक्रधरनगर थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी 15 वर्षीय पुत्री के साथ रेप की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार 02 जून की रात्रि में परिवार के सभी सदस्य भोजन कर सो गए थे। देर रात जब महिला की नींद खुली तो उसकी पुत्री बिस्तर पर नहीं मिली। परिजनों द्वारा आसपास तलाश किया, बालिका नहीं मिली। दूसरी दिन सुबह बालिका अभिनेश चौहान के घर मिली। बालिक से पूछताछ करने पर बतायी कि 02 जून की रात करीब 11.30 बजे अभिनेश चौहान जबदस्ती अपने घर ले गया और अपने कमरे में जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया और परिवार वालों को मारने की धमकी दिया। हम लोग परिवार में सलाह करने के बाद 05 जून को अपने नाबालिक लडक़ी को महिला थाना में रिपोर्ट करने आये। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त द्वारा आरोपी धारा 137(2),65(1), बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर त्वरित कार्यवाही करते हुए तत्काल आरोपी अभिनेश चौहान (26) को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है।


अन्य पोस्ट