रायगढ़
रायगढ़, 6 जून। जिले में एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, समय पर पहचान और प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार सक्रिय रुप से कार्य कर रहा है। शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं और विभिन्न गैर-शासकीय संगठनों (एनजीओ) के सहयोग से जिलेभर में जागरूकता अभियान, परामर्श सेवाएं और नियमित जांच कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। विभाग का उद्देश्य संक्रमण की शीघ्र पहचान कर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना और संक्रमण के प्रसार को रोकना है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान जिले में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों की एचआईवी जांच की गई। जांच के दौरान कुल 18 व्यक्ति एचआईवी संक्रमित पाए गए। संक्रमितों की पहचान होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की प्रक्रिया शुरू की, ताकि संक्रमण की संभावित श्रृंखला का पता लगाया जा सके और अन्य लोगों की भी समय पर जांच सुनिश्चित हो सके। सभी संक्रमित मरीजों को एआरटी (एंटी रेट्रो वायरल थेरेपी) सेंटर से जोड़ दिया गया है, जहां उन्हें आवश्यक दवाएं, चिकित्सकीय परामर्श और नियमित स्वास्थ्य निगरानी प्रदान की जा रही है। विभाग द्वारा मरीजों का लगातार फॉलोअप भी किया जा रहा है ताकि उपचार में किसी प्रकार की बाधा न आए और उनकी स्वास्थ्य स्थिति बेहतर बनी रहे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एचआईवी संक्रमण कई कारणों से फैल सकता है। इनमें असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रक्त का उपयोग, दूषित सुई या सिरिंज का दोबारा इस्तेमाल, संक्रमित माता से गर्भावस्था या स्तनपान के दौरान शिशु में संक्रमण तथा संक्रमित रेजर या ब्लेड का उपयोग प्रमुख कारण हैं।
एचआईवी संक्रमण को रोकने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर सतर्कता बेहद जरूरी है। सुरक्षित यौन व्यवहार अपनाना, केवल प्रमाणित एवं जांचे गए रक्त का उपयोग करना, सुई एवं सिरिंज का साझा उपयोग न करना तथा किसी अन्य व्यक्ति के रेजर या ब्लेड का इस्तेमाल करने से बचना संक्रमण की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण कदम हैं। साथ ही गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी गई है, ताकि आवश्यकता पडऩे पर समय रहते उपचार उपलब्ध कराया जा सके और नवजात को संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके।