रायगढ़

ट्रेलर डकैती का फरार आरोपी कोरबा से गिरफ्तार
04-Jun-2026 6:11 PM
ट्रेलर डकैती का फरार आरोपी कोरबा से गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 4 जून।
पुलिस ने बहुचर्चित हुंकराडीपा ट्रेलर लूटकांड में फरार चल रहे आरोपी एवं वारंटी अजय गोस्वामी (32 वर्ष) निवासी कुसमुंडा, जिला कोरबा को गिरफ्तार कर लिया है।
ज्ञात हो कि आरोपी अजय गोस्वामी अपने पिता, भाइयों एवं अन्य साथियों के साथ मिलकर कुल नौ आरोपियों के समूह में शामिल था, जिन्होंने पांच ट्रेलर वाहनों में लूटपाट कर वाहनों को ओडिशा ले जाकर छिपा दिया था। घटना के 24 घंटे के भीतर रायगढ़ पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अजय गोस्वामी एवं एक अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। फरारी के दौरान आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया था, जिस पर गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था।थाना तमनार पुलिस द्वारा पूर्व में भी आरोपी की तलाश में दो बार उसके निवास स्थान पर दबिश दी गई थी, किंतु वह पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा।

ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था। मुखबिर से आरोपी के गांव आने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल कोरबा रवाना हुई और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है। आरोपी को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
जांच विवेचना दौरान पुलिस को पता चला कि घटना का मुख्य षड्यंत्रकारी ट्रेलरों का पूर्व मालिक अमन गोस्वामी था। थाना तमनार में धारा 309(4), 309(6), 309(7) एवं जोडऩे धारा 310(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।

पुलिस टीम ने तत्काल जिले सहित ओडिशा में भी दबिश दी और हमीरपुर (ओडिशा) स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप खेत में छिपाकर रखे गए चारों ट्रेलर बरामद किए। कार्रवाई के दौरान अमन गोस्वामी सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी स्विफ्ट कार एवं कैम्पर वाहन में सवार होकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। घटना में पांच से अधिक आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर धारा 310(2) भी जोड़ी गई थी।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर चार ट्रेलर वाहन, चार मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार सहित कुल 1 करोड़ 56 लाख 24 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई थी।


अन्य पोस्ट